
**वेतन बढ़ा, भुगतान रोका! सहकारी कर्मचारियों में उबाल
पोहरी–बैराड़ की संयुक्त बैठक में सरकार और प्रशासन पर फूटा गुस्सा
शिवपुरी।
सहकारी समिति कर्मचारी संघ भोपाल इकाई शिवपुरी के तत्वाधान में शिवपुरी जिला सहकारी बैंक शाखा पोहरी एवं बैराड़ अंतर्गत कार्यरत सहकारी समिति कर्मचारियों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में कर्मचारियों की लंबित समस्याओं को लेकर माहौल पूरी तरह उत्तेजित नजर आया।
बैठक में सबसे गंभीर मुद्दा यह उभरकर सामने आया कि राज्य सरकार द्वारा वेतन वृद्धि की घोषणा किए जाने के बावजूद आज तक कर्मचारियों को बढ़ा हुआ वेतन नहीं दिया गया, जिससे कर्मचारियों में भारी आक्रोश है। वक्ताओं ने साफ शब्दों में कहा कि सरकार की घोषणाएं केवल कागजों तक सीमित रह गई हैं, जबकि जमीनी हकीकत इसके बिल्कुल उलट है।
बैठक में सदस्यता अभियान को गति देने, समिति स्तर के कर्मचारियों की समस्याओं को राज्य स्तर तक मजबूती से उठाने, बकाया भुगतान, वेतन विसंगतियों और प्रशासनिक उदासीनता जैसे मुद्दों पर व्यापक और तीखी चर्चा हुई। कर्मचारियों ने चेतावनी भरे स्वर में कहा कि यदि शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन का रास्ता अपनाया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन–प्रशासन की होगी।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह यादव ने कहा कि सहकारी कर्मचारी वर्षों से उपेक्षा के शिकार हैं। प्रदेश प्रतिनिधि महेंद्र सिंह कुशवाह ने सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि “वेतन बढ़ाकर भुगतान न करना कर्मचारियों के साथ खुला छल है।”
कार्यवाहक अध्यक्ष विनोद तिवारी, सचिव उग्रसेन सिंह रघुवंशी एवं कोषाध्यक्ष रवि धाकड़ ने एक स्वर में कहा कि अब केवल आश्वासन नहीं, ठोस कार्रवाई चाहिए।
बैठक में ब्रजेश वर्मा सहित पोहरी एवं बैराड़ क्षेत्र के समस्त सहकारी कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और सभी ने एकजुट होकर संघर्ष की रणनीति तय करने का संकल्प लिया।
संघ ने स्पष्ट किया कि यदि जल्द ही मांगों पर निर्णय नहीं लिया गया तो जिले से लेकर प्रदेश स्तर तक उग्र आंदोलन छेड़ा जाएगा।



