
लुकवासा में दूषित जल संकट गहराया: 4 हजार लोग गंदा पानी पीने को मजबूर
ग्राम पंचायत लुकवासा में पेयजल व्यवस्था गंभीर संकट में है। मठपुरा, गणेशपुरा, रामजानकी मंदिर, हनुमान मंदिर, पुराना बस स्टैंड सहित कई मोहल्लों में जलापूर्ति की जाती है, जहां करीब 4000 की आबादी निवास करती है। इन इलाकों में नलों से आने वाला पानी लंबे समय से दूषित, संक्रमित और कीड़े-मकोड़ों से युक्त बताया जा रहा है।
नवीन पानी की टंकी से सप्लाई होने के बावजूद मेन पाइपलाइन जगह-जगह से फूट चुकी है, जिसके कारण नल खुलते ही शुरुआती आधे घंटे तक गंदा पानी निकलता है। इससे लोगों के स्वास्थ्य पर खतरा मंडरा रहा है।
मामले में ग्राम पंचायत सचिव महेश धाकड़ से सवाल किए जाने पर उन्होंने कहा कि “पानी आपूर्ति की मुख्य पाइपलाइन पुरानी हो चुकी है। इस संबंध में PHE विभाग को सूचित कर दिया गया है। जहां-जहां गंदा पानी पाइपलाइन में जा रहा है, उसे दुरुस्त किया जाएगा।”
हालांकि, स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सूचनाओं और आश्वासनों से आगे अब तक कोई ठोस कार्रवाई नजर नहीं आई, जिससे किसी बड़ी स्वास्थ्य आपदा की आशंका बनी हुई है।



